गोरखपुर के हॉकी खिलाड़ी दिवाकर राम को लक्ष्मण पुरस्कार
भारतीय जूनियर हॉकी टीम के कप्तान और सीनियर हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा रहे गोरखपुर के हॉकी खिलाड़ी दिवाकर राम को वर्ष 2018-19 के लक्ष्मण पुरस्कार से शुक्रवार को उत्तर प्रदेश दिवस समारोह में सम्मानित किया जायेगा। ये पुरस्कार खिलाड़ी दिवाकर राम को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदान करेंगे। उत्तर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अन्तराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले खिलाड़ी को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से लक्ष्मण ओर रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है।
पुरस्कार मिलने की घोषणा के बाद अन्तराष्ट्रीय खिलाड़ी दिवाकर राम से जब ‘हिन्दुस्तान ने बात की तो वह पुरस्कार लेने के लिए ट्रेन से लखनऊ जा रहे थे। दिवाकर ने कहा कि खेल से देश का नाम रोशन करने मौका मिला जो मेरे लिये सौभाग्य की बात है। तारामंडल क्षेत्र में रहने वाले दिवाकर वर्तमान समय में ओएनजीसी की टीम का हिस्सा हैं और निरंतर गोल कर रहे हैं। 2010 में दिल्ली में हुये सीनियर हॉकी वर्ल्ड कप में दिवाकर भारतीय टीम का हिस्सा रहे और 2009 में जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी की। वीर अब्दुल हमीद डिग्री कॉलेज से ग्रेजुएशन करने वाले दिवाकर राम ने कहा कि वर्तमान समय में स्थानीय स्तर पर खिलाड़ियों को जो सुविधाएं मिल रही हैं वो पहले से काफी बेहतर हैं।